7 नवंबर 2019 - 12:31
ईरानी जनता के क़ानूनी अधिकारों और हितों का सौदा नहीं किया जा सकताः शमख़ानी

ईरान की उच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ने कहा है कि ईरानी जनता के क़ानूनी अधिकारों और हितों का सौदा नहीं किया जा सकता और अगर अमरीका व यूरोपीय देश इस आशा में अपना वर्तमान रवैया जारी रखेंगे कि ईरान पीछे हट जाएगा तो निश्चित रूप से उनके हाथ पछतावे के अलावा कुछ नहीं लगेगा।

अली शमख़ानी ने गुरुवार को कहा कि ईरान के ख़िलाफ़ अधिकतम दबाव की नीति जारी रखने में अमरीका का लक्ष्य, साम्राज्य विरोधी प्रतिरोध के मज़बूत मोर्चे के ईमान व संकल्प को कमज़ोर करना है। उन्होंने कहा कि अमरीका, चौथी पीढ़ी के युद्ध के साधन इस्तेमाल करके स्वाधीन देशों के ढांचों व शक्ति के साधनों को कमज़ोर बनाना और उन्हें अंदर से ध्वस्त करना चाहता है।

 

ईरान की उच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ने कहा कि इराक़ व लेबनान के लोगों की आर्थिक व सामाजिक मांगों से ग़लत लाभ उठाने की अमरीका व उसके घटकों की कोशिश भी चौथी पीढ़ी के युद्ध के मानकों के अंतर्गत है लेकिन अमरीका व उसके क्षेत्रीय पिट्ठुओं की यह चाल भी दाइश के फ़ित्ने की तरह ही पराजित हो कर रहेगी।